सहारनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षाओं में सोमवार को दसवीं की उर्दू और फिजियोलॉजी की परीक्षा हुई, जबकि 12वीं के परीक्षार्थियों ने इतिहास और गणित की परीक्षा दी। पहली पाली में हुई उर्दू की परीक्षा से 144 और इतिहास की परीक्षा से 123 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। गणित की परीक्षा के दौरान कड़ी चौकसी रही।
सोमवार को पहली पाली में दसवीं की उर्दू विषय की परीक्षा थी। 1454 ने परीक्षा दी, जबकि 144 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 12वीं की इतिहास विषय की भी परीक्षा थी। इतिहास की परीक्षा में 2645 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 123 ने परीक्षा छोड़ दी। दोपहर की पाली में दसवीं के परीक्षार्थियों ने फिजियोलॉजी और 12वीं के परीक्षार्थियों ने गणित की परीक्षा दी। गणित की परीक्षा में तमाम सेक्टर मजिस्ट्रेट और सचल दल सक्रिय नजर आए।
12 मार्च को होगी निरस्त हुई परीक्षा
जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि दस फरवरी को दूसरी पाली में होने वाली 12वीं की कृषि शस्य विज्ञान षष्टम प्रश्न पत्र की परीक्षा प्रदेश भर में निरस्त कर दी गई थी। अब यह परीक्षा 12 मार्च 2018 को सुबह की पाली में साढ़े सात बजे से होगी। यह परीक्षा जनपद मुख्यालय पर निर्धारित नए परीक्षा केंद्रों पर होगी।
सूचनाएं अपलोड करने के निर्देश
जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को यूपी बोर्ड परीक्षा छोड़ने वाले परीक्षार्थियों की सूचना प्रतिदिन परीक्षा शुरू होने के बाद आधे घंटे के भीतर परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। दसवीं और 12वीं की आंतरिक परीक्षाओं के प्राप्तांक भी 20 फरवरी से पहले वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा है। इसके अलावा 12वीं की जो प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 दिसंबर 2017 से पहले कराई गई थीं। जो प्राइवेट या संस्थागत परीक्षार्थी प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं दे सके थे। उनकी सूचना 18 फरवरी तक डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।