सहारनपुर। नगर निकाय के चुनावों को लेकर बने माहौल में संदिग्धों की सक्रियता पर पुलिस की जिले भर के संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी है। देवबंद के साथ ही जिले भर के संदिग्धों के पासपोर्ट के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। थाना स्तर के अलावा खुफिया विभाग द्वारा भी सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर निकायों में चुनावी माहौल बन चुका है। देवबंद सहित जिले भर में संदिग्धों की गतिविधियों को लेकर पुलिस टेंशन में है। जिसको लेकर पुलिस ने देवबंद, गंगोह समेत जिले भर के संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों के पासपोर्ट के सत्यापन कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में रेंडम सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही खुफिया विभाग भी सक्रिय हो चुका है और हर क्षेत्र में संदिग्धों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि कहीं संदिग्ध चुनावों के दौरान किसी बड़ी घटना को अंजाम न दे डालें। खुफिया विभाग के सूत्रों के मुताबिक देवबंद सहित जिले के कई क्षेत्रों में संदिग्धों के रहने की आशंका जताई गई है। बांग्लादेशी आतंकियों के देवबंद में रहने के मामले का पहले ही खुलासा हो चुका है। जिनमें से चार पकड़े भी जा चुके हैं और फर्जी दस्तावेज मुहैया कराने वाला फैजान अभी फरार चल रहा है। जिसके चलते पूरे जिले को ही संवेदनशील माना जा रहा है। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि सभी थाना क्षेत्र रेंडम चेकिंग कर रहे हैं। एन्य एजेंसियां भी संदिग्धों की सूचना पर सत्यापन करने पहुंच रही हैं। जिले में जहां भी संदिग्ध होने की सूचना मिल रही है, वहां सत्यापन कराया जा रहा है।