देवबंद (सहारनपुर)। अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के नवनियुक्त उत्तर भारत के प्रभारी पंडित सतेंद्र शर्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी पर पश्चिमी संस्कृति हावी होती जा रही है। युवाओं को भारतीय संस्कृति की तरफ मोड़ने के लिए विभिन्न समाजसेवी संगठनों, शंकराचार्यों एवं धर्म गुरुओं को आगे आना चाहिए।
दिल्ली में कार्यक्रम में हुई नियुक्ति के बाद रविवार को देवबंद लौटे सतेंद्र शर्मा ने वेद विहार कालोनी में स्वागत कार्यक्रम में कहा कि दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान की उन्हें संगठन ने जिम्मेदारी सौंपी है। जिसका वह ईमानदारी व निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी सात राज्यों में एक मुहिम चलाई जाएगी, जिसका मुख्य लक्ष्य हिंदू समाज के युवाओं को भ्रमित होने से बचाना होगा। उन्होंने कहा कि धर्म गुरुओं को भी अपने मार्ग से भटकने के बजाए वेद व सनातन धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से हिंदुत्व की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। बैठक में अरुण प्रताप राणा, हरिओम सिंघल, इंद्रपाल राणा, विशाल गर्ग, अजय गर्ग बिट्टा, प्रवीण देशवाल, राजेंद्र त्यागी, नीरज गोस्वामी, मोहन मेहरा, गुलशन गाबा, हरिकृष्ण सिंघल आदि ने पंडित सतेंद्र शर्मा की नियुक्ति पर हर्ष जताया है।