सहारनपुर। सहारनपुर हिंसा केेेे आरोपी भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण ने कहा कि भीम आर्मी को वह कमजोर नहीं पड़ने देगा। जल्दी ही वह जेल से बाहर आएगा और संगठन को फिर से मजबूत करेगा। रावण ने कहा कि जेल से बाहर आकर वह भीम आर्मी के नाम पर इकट्ठा किए गए चंदे का हिसाब करेगा।
चंद्रशेखर उर्फ रावण को बुधवार को जिला कारागार से जिलाध्यक्ष कमल वालिया के साथ कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। उसके पेशी पर आने की सूचना मिलने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता एवं परिजन उससे मिलने के लिए कचहरी परिसर में पहले से ही पहुंच गए थे। चंद्रशेखर और कमल वालिया ने कार्यकर्ताओं एवं परिजनों से काफी देर तक मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि उसे बस जेल से बाहर आने का इंतजार है। संगठन को पहले से अच्छी तरह से चलाया जाएगा। रावण ने कहा कि उस पर जो भी आरोप लगे हैं वे गलत हैं। एक राजनीति के तहत भीम आर्मी को बदनाम किया गया है। चंद्रशेखर ने कहा कि भीम आर्मी के नाम पर जिन लोगों ने चंदा इकट्ठा किया है। जेल से आने के बाद वह उसका हिसाब लेगा। उसने कहा कि जिन्होंने राजनीति के तहत उसे फंसाया है उनसे भी अपना हिसाब लेगा। उसने सभी से उसके बाहर आने तक शांत रहने के लिए कहा।