बेहट (सहारनपुर)। अवैध खनिज के परिवहन को लेकर शनिवार को फिर से माइनिंग कंपनी के रॉयल्टी कर्मचारी एवं खनिज के परिवहन से जुड़े लोग आपस में भिड़ गए। शाकंभरी तिराहे पर बीच सड़क में मारपीट होने से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 10-12 रॉयल्टी कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। जब तक पुलिस हिरासत में लिए कर्मचारियों को लेकर कोतवाली पहुंची, इतनी ही देर में खनन से जुड़े स्थानीय लोगों ने रॉयल्टी कर्मचारियों के रहने के स्थान पर धावा बोल दिया। सूचना मिलने पुलिस फिर से दौड़ी और मामले को संभाला।
शनिवार की दोपहर में करीब 2 बजे माइनिंग कंपनी के रॉयल्टी कर्मचारियों ने बेहट में शाकंभरी तिराहे पर कोरसैंट से भरे एक ट्रक को रुकवा लिया। कर्मचारियों ने इसके साथ चालक से ट्रक में भरे खनिज सामग्री से संबंधित प्रपत्र दिखाने के लिए कहा, लेकिन चालक के पास पुरानी तारीख के प्रपत्र थे। इस पर ट्रक के चालक और रॉयल्टी कर्मचारियों के बीच बहस होने लगी। कुछ देर में अवैध खनिज के परिवहन से जुड़े लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों में बीच सड़क पर मारपीट होने लगी। इससे आसपास अफरातफरी मच गई। मारपीट में दो वाहन चालकों को भी चोट आई। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और 10-12 रॉयल्टी कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस इन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची ही थी कि अवैध खनिज के परिवहन से जुड़े लोगों की भीड़ ने रॉयल्टी कर्मचारियों के शाकंभरी रोड स्थित रहने के स्थान पर धावा बोल दिया। पुलिस तुरंत मौके की तरफ दौड़ी। पुलिस की गाड़ियों को देखकर भीड़ तितर-बितर हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि रॉयल्टी कर्मचारी खनिज से भरे वाहनों को कहीं पर भी रोकने के लिए अधिकृत नहीं है। वाहनों को रोककर उनके चालकों से मारपीट करते हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।