सरसावा (सहारनपुर)। भारत पाक सीमा लगातार बने हुए तनाव के हालात को देखते हुए पुलिस ने भी आंतरिक सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। इसी को लेकर पुलिस ने थाना क्षेत्र में लगने वाली हरियाणा राज्य की सीमा सहित थाना क्षेत्र के सीमाओं पर मोर्चाबंदी की है।
भारतीय वायुसेना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए की गई बमबारी के बाद सीमा पर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सजग है। इस संबंध में एसओ सरसावा सुदेश कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर थाना क्षेत्र की सीमाओं पर मोर्चाबंदी कर दी गई है। साथ ही यूपी हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना नदी के पुल पर प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच की जा रही है। एसओ ने बताया कि पुलिस बाजारों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही है। एसओ ने विशेषकर सोशल मीडिया से जुड़े लोगों से अपील की कि कोई भी अपुष्ट तथा आपत्तिजनक जानकारी साझा ना करें। तनाव के मद्देनजर नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डनों ने वरिष्ठतम वार्डन अवतार सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाकर लोगों को वर्तमान हालात के विषय में जागरूक किया तथा अफवाहों से बचने की अपील की। अवतार सिंह ने कहा कि असामाजिक तत्व ऐसे ही हालातों का फायदा उठाकर सामाजिक माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं।