रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। खंड विकास कार्यालय पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित विवाह समारोह में नौ हिंदू व सात मुस्लिम युवक युवतियों का विवाह संपन्न कराया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत खंड विकास कार्यालय पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कन्याओं को 20 हजार रुपये का अनुदान देने के साथ 15 हजार रुपये का समान भी दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, मुख्य विकास अधिकारी रेणु तिवारी, पूर्व ब्लाक प्रमुख चौधरी नक्षत्र पंवार, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि चौधरी घनश्याम सिंह, विकास चौधरी, बीडीओ शौकत अली, भाकियू के तहसील अध्यक्ष चौधरी जगपाल, समाज कल्याण अधिकारी कृष्णा प्रसाद, एडीओ अतुल वालिया, वीरेंद्र सिंह, विपिन कुमार, संजीव कुमार, जितेंद्र, राहुल देव आदि मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
विधायक ने अफसरों के रवैये पर जताई नाराजगी
सामूहिक विवाह समारोह में भाजपा विधायक देवेंद्र निम को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था। विधायक सुबह 11 बजे कार्यक्रम में पहुंच गए परंतु दोपहर साढ़े बारह बजे तक कोई प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम में नहीं पहुंचा तो विधायक कार्यक्रम को बीच में ही छोड़ कर चले आए। विधायक ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी जनप्रतिनिधियों का जानबूझकर अपमान कर रहे हैं। उनके चले आने के बाद भी किसी प्रशासनिक अधिकारी ने उन्हें फोन तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि वह प्रशासनिक अधिकारियों के इस रवैये की सीएम से शिकायत करेंगे। उधर, सीडीओ रेणु तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन जिला समाज कल्याण अधिकारी करते हैं विधायक जी पहले आ गए थे। वे कुछ विलंब से पहुंची थी।