बैंडबाजों, झांकियों के बीच भव्य राम बारात निकाली
देवबंद। श्री रामा मंडल रामलीला सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में बुधवार तो नगर में बैंडबाजों, आकर्षक झांकियों और आतिशबाजी के बीच भव्य राम बारात धूमधाम से निकाली गई।
राम बारात रामलीला भवन से शुरू होकर अनाज मंडी, एमबीडी चौक, मेन बाजार, कायस्थवाड़ा, शिव चौक से होती हुई जनकपुरी पहुंची। जहां राम और सीता का पाणिग्रहण संस्कार किया गया। इससे पूर्व शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा नगराध्यक्ष गजराज राणा एवं रामलीला सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश सिंघल ने किया। सेहरा पूजन, आरती जोगेंद्र कुमार और नरेंद्र अग्रवाल ने किया। अतिथियों को पगड़ी पहनाकर, पटका और रामचरित मानस ग्रंथ तथा भगवान गणेश जी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।
शोभायात्रा में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, राजा दशरथ, गुरू वशिष्ठ, विश्वामित्र तथा देवगण अपने-अपने रथों पर शोभायमान थे। मार्ग में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा करके राम बारात का स्वागत किया। जनकपुरी में रामकिशन, पंकज राज गोयल ने कन्या पक्ष की ओर से पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया। नगर के विभिन्न स्थानों से होकर शोभायात्रा रामलीला मैदान पर आकर संपन्न हुई। इस मौके पर प्रवीण जैन, देवीदयाल शर्मा, अनुज अग्रवाल, नीरज गर्ग, अनंत गर्ग, आशुतोष गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, अरूण गुप्ता, उमेश खन्ना, लोकेश गर्ग, अमृतलाल सैनी, राजकुमार शर्मा, सुभाष कुच्छल, नरेंद्र बंसल, प्रवेश कुमार, विनीत जैन, हरिकृष्ण मल्होत्रा, कुलदीप गर्ग, अमन गर्ग, सुमित सैनी आदि मौजूद रहे।