देवबंद (सहारनपुर)। तलहेड़ी पेट्रोल पंप के समीप रविवार की रात्रि ट्रैक्टर ट्राली और स्कार्पियो कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें स्कार्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए सहारनपुर जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसा रविवार की रात्रि करीब नौ बजे सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुआ। हरियाणा राज्य की एक स्कार्पियो गाड़ी संख्या एच आर 12 एसी-7397 सहारनपुर से देवबंद की तरफ जा रही थी। इसी दौरान तलहेड़ी बुजुर्ग का रितेश ट्रैक्टर ट्राली से जनरेटर छोड़ने बस स्टैंड पर आ रहा था। ट्रैक्टर ट्राली जैसे ही पेट्रोल पंप की तरफ वाले कट से मुड़ी तो इसी दौरान तेज गति से आ रही स्कार्पियो उससे भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से डैमेज हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा कार में फंसे एक गंभीर घायल युवक को बाहर निकाला, लेकिन बेहोशी के कारण उसका नाम पता नहीं चल सका। वहीं इस हादसे में ट्रैक्टर चालक रितेश भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से सहारनपुर भिजवाया। कोतवाल उमेश कुमार रोरिया ने बताया कि स्कार्पियो गाड़ी में सवार चालक के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। दो घायलों को सहारनपुर अस्पताल में भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।