नानौता (सहारनपुर)। दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर दो बाइकों की टक्कर में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवा दिया।
सोमवार की शाम करीब पौने पांच बजे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर स्थित ग्राम बकडौली के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। सड़क हादसे में घायल चारों युवकों को थाना पुलिस व डायल 100 द्वारा सीएचसी नानौता पर उपचार के लिए लाया गया। जहां चिकित्सक ने एक 20 वर्षीय युवक सोनू पुत्र जुल्फा निवासी ग्राम भैंसानी थाना थानाभवन जिला शामली को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायल मोहसीन पुत्र इस्लामु, तालिब पुत्र गफ्फार निवासीगण ग्राम भैंसानी थाना थानाभवन जिला शामली तथा नानौता क्षेत्र के ग्राम ओलरा निवासी नीरज पुत्र राम सिंह को गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। ग्राम भैंसानी निवासी मोहसीन, सोनू तथा तालिब एक ही बाइक पर सहारनपुर से अपने गांव की ओर जा रहे थे जबकि ग्राम ओलरा निवासी नीरज अपनी बाइक से थानाभवन की ओर से आ रहा था। नानौता क्षेत्र के ग्राम बकडौली के पास दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर दोनों बाइकों की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार उज्ज्वल ने बताया कि बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में गंभीर घायल तीनों युवकों को जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। मृतक सोनू के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि चारों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था।