सहारनपुर। जिला कारागार में बंद एक कैदी की मौत हो गई। मरने वाला कैदी अपनी मां की हत्या के आरोप में सजा काट रहा था। न्यायालय ने उसे आठ साल की सजा सुनाई थी। जेल प्रशासन मौत का कारण बीमारी बता रहा है।
कोतवाली बेहट के गांव नगला खुर्द निवासी भागीरथी की वर्ष 2012 में हत्या हो गई थी। हत्या के आरोप में उसके बड़े बेटे ने अपने छोटे भाई अजय को नामजद कराया था। पुलिस ने अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोर्ट ने आरोप सिद्ध होने पर अजय को आठ साल की सजा सुनाई थी। पिछले छह वर्ष से अजय जेल में सजा काट रहा था। उसके रिश्तेदार कंकरकोई निवासी प्रेम के मुताबिक दो वर्ष बाद अजय की रिहाई होनी थी। अजय को बुधवार की रात करीब सवा एक बजे बंदी रक्षक सत्यपाल बिगड़ी हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र पाल सिंह की मौजूदगी में थाना जनकपुरी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि अजय को लीवर कैंसर था। उसका दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था। बुधवार रात उसकी अचानक हालत बिगड़ गई थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।