नकुड़ (सहारनपुर)। नगर में बाला जी जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर नगर के प्रमुख बाजारों में बैंड बाजों के साथ मनमोहक झांकियों से सुसज्जित भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके पश्चात श्रीराम लीला मंचन के दौरान वीर हनुमान की भव्य झांकी निकाली गई।
मंगलवार को सुबह से ही नगर स्थित पुरा नकुलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर में हवन पूजन के बाद हनुमान जी को 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। इसके बाद बैंड बाजों के साथ नगर के प्रमुख बाजारों से होकर आधा दर्जन से अधिक मनमोहक झांकियों से सुसज्जित बाला जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पुरा नकुलेश्वर मंदिर से शुरू होकर नगर के मुख्य बाजारों से होते हुए मंदिर में संपन्न हुई। इसके पश्चात नगर में चल रही श्री रामलीला मंचन के 11 वें दिन हनुमान जी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। हनुमान जी का शानदार अभिनय नेमचंद गुप्ता ने किया। जबकि शोभायात्रा में शशांक गुप्ता ने बाला जी का रूप धारण किया। श्रीराम लीला मंचन का शुभारंभ पवन सिंह राठौर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उन्होंने कहा कि नकुड़ में चैत्र माह में रामलीला का मंचन नगर की अनूठी परंपरा है, जिसके चलते नगर में वातावरण भक्तिमय बना रहता है। इस मौके पर महोत्सव समिति के प्रधान भूपेंद्र गुप्ता, महामंत्री हरीश गर्ग, कोषाध्यक्ष सोहन गुप्ता, उपाध्यक्ष पंकज जैन, मनोज मित्तल, राजेश जैन राजू, सरवन त्यागी, ऋषिपाल शर्मा, अनुज मित्तल, अनिल गोयल, बिजेंद्र नारायण, संजीव जैन, संगम जैन, प्रशांत शर्मा, माणिक सिंघल, अमित कर्णवाल, बाला देवी, मनोज गोयल, राजन शर्मा, प्रवीण मित्तल, विपुल, संजय, अंकित गोयल, संयम जैन आदि रहे।