सहारनपुर। डीएम के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने कोर्ट रोड पर अभियान चलाते हुए अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के चालान काटे। कुल 14, 500 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। अभियान को लेकर दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। अभियान अब लगातार चलेगा।
अतिक्रमण शहर की सबसे बड़ी समस्या है। प्रत्येक मार्ग के साथ ही प्रमुख बाजारों में भी ज्यादातर दुकानदारों की दुकानें सड़क पर रहती हैं। इसकी वजह से शहर में दिन भर जाम रहता है। डीएम पीके पांडेय ने शहर की सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद नगर निगम की टीम कर अधीक्षक खन्ना के नेतृत्व में पुलिस को साथ लेकर कोर्ट रोड पहुंची। यहां दुकानों के बाहर सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों के चालान काटे गए। ढाबा संचालक का सबसे अधिक पांच हजार रुपये का चालान कटा। चालान काटे जाने की सूचना के बाद दुकानदारों से आनन फानन में सामान दुकानों के भीतर कर लिया। कुल 11 दुकानदारों का चालान काटा गया, जिनसे 14 हजार 500 रुपये की वसूली हुई। कर अधीक्षक ने बताया कि अभियान प्रतिदिन चलेगा। टीम में राजकुमार, अक्षय, नितिन आदि शामिल रहे।
नगर निगम में रजिस्ट्रेशन की मांग
सहारनपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ई-रिक्शा चालक एसोसिएशन ने ई-रिक्शाओं का पंजीकरण नगर निगम द्वारा करने की मांग की है। जिला महामंत्री चांद सागर कुरैशी ने बताया कि शहर के सैकड़ों लोग पहले साइकिल रिक्शा चलाते थे। थोड़ा सम्मान पाने की वजह से उन्होंने साइकिल रिक्शाएं बेचकर ई रिक्शाएं खरीदी हैं। ज्यादातर लोगों ने कर्ज लेकर या किश्तों पर चला रहे हैं। मगर अब पंजीकरण के नाम पर ई रिक्शा चालकों का उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने नगरायुक्त को ज्ञापन सौंपकर ई रिक्शाओं का पंजीकरण नगर निगम द्वारा करने की मांग की है।