सहारनपुर। चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए ग्राम टपरी के किसानों ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि गांव में अहतमाल की चकबंदी के दौरान हिंडन नदी का सीमांकन गलत हुुआ है। उन्होंने चकबंदी स्टाफ पर भी मिलीभगत करने का आरोप लगाया।
शुक्रवार को ग्राम टपरी के किसानों द्वारा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को सौंपे गए ज्ञापन में गांव के अहतमाल में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता होने का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को चकबंदी के आकार पत्र 23 नहीं दिया गया। इसके बावजूद चकबंदी को फाइनल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चकबंदी में भूमि नापते समय नदी की नाप ढाई जरीब छोड़कर की गई थी, जबकि सिजरे में यह आकृति साढे़ तीन जरीब है। इसके चलते किसानों के चक पूरे नहीं हो रहे हैं। उन्होंने मौजूदा चकबंदी कर्मचारियों को छोड़कर किसी दूसरे स्टाफ पैमाइश कराने की मांग की। अनुज पुंडीर, प्रताप, मामराज, सुखदेव, सागर, धीरज, लोकेश, मामचंद, बिशम्बर, धूम सिंह, सोनू, झंडू, राज सिंह, रोहताश सिंह, श्रवण आदि रहे।