नलकूप कनेक्शन जारी नहीं
होने से किसानों में रोष
अमर उजाला ब्यूरो
गंगोह। भाकियू की बैठक में केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए किसानों को नलकूप कनेक्शन जारी ना किए जाने पर रोष जताया गया। किसानों का शोषण बंद न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इसके साथ ही ब्लाक एवं नगर की कार्यकारिणी भी भंग कर दी गई।
सहारनपुर मार्ग पर कोतवाली के सामने स्थित सहकारी बीज भंडार परिसर में हुई बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष बृजपाल सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा की सरकार में कोई भी अधिकारी किसानों की सुनने को तैयार नहीं है। अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। डार्क जोन के बहाने पिछले छह साल से नलकूप के कनेक्शन बंद कर रखे हैं। इससे किसान बेहद परेशान हैं। मांग के बावजूद कनेक्शन न खुलने से किसानों में सरकार के प्रति रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि कुछ किसानों ने पूर्व में कनेक्शन के लिए नकदी जमा करा दी थी। लेकिन उन्हें भी आज तक सामान नहीं मिल सका है। आरोप है कि ऐसे किसानों के नलकूप अधिकारियों ने चालू दिखा रखे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों का शोषण बंद न किया गया तो वह सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैठक की अध्यक्षता हाजी शौकत और संचालन भंवर सिंह ने किया। मेहरबान कुरैशी, मेनपाल, जगविंद्र, इरशाद, मीर हसन आदि रहे।