टोडरपुर शुगर मिल का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति
सहारनपुर। पेराई सत्र 2014-15 से पेराई नहीं कर रही शाकंभरी शुगर एंड एलाइड इंडस्ट्रीज टोडरपुर को लेकर जिलाधिकारी पीके पांडे ने सख्त रुख अपना लिया है। उन्होंने गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव को इस मिल का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की है।
तमाम कोशिशों के बावजूद इस पेराई सत्र में भी नहीं चलने वाली टोडरपुर शुगर मिल के खिलाफ डीएम ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। प्रमुख सचिव गन्ना विभाग एवं चीनी उद्योग को लिखे पत्र में डीएम ने कहा कि टोडरपुर शुगर मिल में पेराई सत्र 2014-15 से पेराई कार्य नहीं कर रही है। मिल बंद होने से क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मिल का गन्ना दूसरे चीनी मिलों को दिलाया जा रहा है। इसके चलते जहां किसानों के आर्थिक हित प्रभावित हो रहे हैं वहीं क्षेत्र के विकास पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ा है। इस चीनी मिल क्षेत्र के किसानों और उनके संगठनों द्वारा लगातार मिल को चलवाने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि मिल के संचालन को लेकर चीनी मिल के प्रबंध तंत्र को बार बार निर्देशित भी किया गया है। लेकिन प्रबंधन मिल चलाने में रूचि नहीं ले रहा है।मिल को 9 सितंबर को इस बारे में नोटिस भी दिया गया था। जिसके जवाब में मिल प्रबंधन ने खराब वित्तीय स्थिति का हवाला देते हुए मिल संचालन करनेबत्नें असमर्थता व्यक्त की है। जो यूपी वैक्यूम पैन शुगर फैक्ट्रीज लाइसेंसिंग आदेश 1969 के तहत जारी लाइसेंस की शर्त संख्या-3 का स्पष्ट उल्लंघन है। इसकी शर्त संख्या-5 में शर्तों के उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्त करने का प्रावधान है। उन्होंने प्रमुख सचिव से यथोचित कार्रवाई करने संस्तुति की।