सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर आगमन पर शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था की गई। सुरक्षा में न सिर्फ जिले की पुलिस बल्कि दूसरे जनपदों के पुलिस अधिकारियों को लगाया गया। पैरा मिलट्री एवं पीएसी की एक दर्जन कंपनियां सुरक्षा में लगाई गईं। मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने वाले रास्ते को सील कर दिया गया।
सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर सुबह 10.45 बजे पुलिस लाइन स्थित मैदान में उतरा। उनके आने से पूर्व ही शहर में आने वाले भारी वाहनों के लिए रूट को डायवर्ट कर दिया गया। पुलिस लाइन से जनमंच तक और जनमंच से सर्किट हाउस जाने वाले रास्तों को सील कर दिया गया। बेरिकेडिंग लगाकर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। पूरे रास्ते पर पुलिस की मोबाइल गाड़ी इधर से उधर दौड़ती रही और पुलिस कर्मियों को सावधान करती रही। चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी गई। पीएसी की 12 कंपनियां सुरक्षा में तैनात की गईं। साथ ही सहारनपुर एवं दूसरे जिलों से आए लगभग साढ़े 1800 पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को सुरक्षा में लगाया गया। कड़ी सुरक्षा के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राकेश अरोड़ा हत्याकांड के खुलासे के लिए मुख्यमंत्री को दिया ज्ञापन
सहारनपुर। दुग्ध व्यवसायी स्वर्गीय राकेश अरोड़ा के पुत्र अर्श अरोड़ा ने अपने पिता के हत्याकांड का खुलासा न होने की शिकायत करते हुए एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम अधिकारियों को सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद राकेश अरोड़ा हत्याकांड का खुलासा नहीं हो पा रहा है। पुलिस उसके पिता के हत्यारों का पता लगा पाने में असफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से घटना का खुलासा करने की मांग की।
मंदिर का निर्माण रुकवाने की मांग
सहारनपुर। मोहल्ला चंद्रनगर निवासी दिनेश चंद ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर शहर में कराए जा रहे शिवधान मंदिर के निर्माण को रुकवाए जाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस स्थान पर मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है, वहां हिंदू धर्म के लोगों के मृत बच्चों का अंतिम संस्कार किया जाता है। राजस्व अभिलेखों में भी यह बच्चों का श्मशान दर्ज है। इस श्मशान की भूमि पर बाग भी दर्ज चला आ रहा है। इस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर फलों के पेड़ों को कटवा दिया है और मंदिर का निर्माण शुरू करा दिया है। इसे तुरंत रुकवाया जाए।
पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग
सहारनपुर। अधिवक्ता कल्याण मंच ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर कहा है कि शब्बीरपुर मामले में ग्राम चंदपुर में हुए हमले की घटना में गिरफ्तार कर 85 दिन तक जेल में रखे गए और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इन बेगुनाहों को 85 दिन जेल में रखे जाने की जवाबदेही तय की जाए और जेल भेजने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश मोटर ट्रांसपोर्टर्स फेडरेशन ने सांसद राघव लखनपाल शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर मांग की है कि सहारनपुर में बाईपास रिंग रोड बनाई जाए। घंटाघर समेत शहर के प्रमुख स्थानों पर फ्लाईओवर एवं अंडरपास बनवाए जाएं। औद्योगिक इकाइयां स्थापित कराने की योजनाएं तैयार की जाएं तथा ट्रांसपोर्ट नगर में सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष ब्रित चावला, सरदार गुरदीप सिंह बावा, विक्रांत सैनी, संयम कक्कड़, नसीम अहमद, पीपी सिंह, राजपाल वर्मा, प्रेम कुमार शर्मा, दिलीप सिंह, गणेश गुप्ता, बलदेव राज पोपली शामिल रहे।