शब्बीरपुर नहीं पहुंचे एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष
सहारनपुर। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के अध्यक्ष रमाशंकर कठेरिया बृहस्पतिवार को सहारनपुर के शब्बीरपुर नहीं पहुंचे। उनका शब्बीरपुर में दलित पीड़ितों से मिलने जाने का कार्यक्रम था। प्रशासन ने आयोग में पत्र व्यवहार कर कठेरिया से सहारनपुर न पहुंचने का आग्रह किया था। हालांकि कठेरिया के आने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया।
बता दें कि शब्बीरपुर में दलितों और राजपूतों के बीच पांच मई को हुए संघर्ष में एक युवक की जान चली गई थी, जबकि दलितों के दो दर्जन से ज्यादा घरों को आग के हवाले कर दिया गया था। तब से मामला देशभर में छाया हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती, रालोद नेता जयंत चौधरी, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राज बब्बर आदि गांव का दौरा कर पीड़ितों का हाल जान चुके हैं। हालांकि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को प्रशासन ने शब्बीरपुर जाने से पहले ही रोक दिया था। अब राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के अध्यक्ष रमाशंकर कठेरिया ने बृहस्पतिवार को सहारनपुर पहुंचने का एलान किया था। उनके आने की सूचना से जिला प्रशासन टेंशन में आ गया था। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार को आयोग में एक पत्र लिखकर रमाशंकर कठेरिया से सहारनपुर न आने का आग्रह किया था। कठेरिया ने प्रशासन के आग्रह को स्वीकार करते हुए शब्बीरपुर जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। रमाशंकर कठेरिया का कार्यक्रम रद्द होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।