सहारनपुर। दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को टीम ने दिल्ली रोड पर चुनहेटी फाटक के पास दो गाड़ी पकड़ी। इस दौरान 11 क्विंटल पनीर (1100 किलोग्राम), 200 किलो रसगुल्ला, और 20 किलो मिल्क केक को नष्ट कराया। नकली पनीर रामपुर मनिहारान से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में सप्लाई होना था। जब्त माल की कीमत करीब 2.42 लाख रुपये है।
सहायक आयुक्त खाद्य प्रथम अशोक शर्मा, सहायक आयुक्त द्वितीय मनोज कुमार वर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दिल्ली रोड स्थित चुनहेटी फाटक के पास चेकिंग की। इस दौरान टीम ने दो वाहनों को रोककर जांच की गई। गाड़ियों में 11 क्विंटल पनीर लदा हुआ था। वाहन चालक मौसम अली और इरशाद उर्फ भूरा निवासी रामपुर मनिहारान पनीर को देहरादून और हिमाचल के पांवटा साहिब लेकर जा रहे थे। दोनों गाड़ियों से पांच नमूने पनीर के लिए गए। इसके अलावा एक अन्य टेंपो को भी रोका गया, जिसमें 200 किलो सफेद छेना रसगुल्ला (20 टिन) और 20 किलो मिल्क केक (चार पैकेट) पाया गया। यह रामपुर मनिहारान की ओर भेजा जा रहा था।
जांच के दौरान रसगुल्ला और मिल्क केक के दो नमूने लिए गए। मौके पर मोबाइल लैब में खाद्य पदार्थों की जांच की गई। मिलावट होने पर 11 क्विंटल पनीर को मौके नष्ट कराया। सात नमूने जांच के लिए भेजे गए। कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय शुक्ला, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवनाथ सिंह, जवाहर लाल, महेश कुमार, सुमन पाल, अमित कुमार सिंह एवं कुलदीप तिवारी रहे।