बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर क्षेत्र की पजना नदी में पुल के पास 11 हैंड ग्रेनेड गोले मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जगह को कवर कर दिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। जांच में यह ग्रेनेड मिस पाए गए, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया।
शनिवार की सुबह करीब 10 बजे किसी राहगीर ने थाना मिर्जापुर में सूचना दी, कि पजना नदी के हाईवे पर स्थित पुल के नीचे 11 हैंड ग्रेनेड गोले पड़े हैं। इससे हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जिस जगह हैंड ग्रेनेड पड़े थे, उसे पूरी जगह को कवर कर लिया गया। थाना प्रभारी की सूचना पर उच्चाधिकारियों ने बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलवाया। बम निरोधक दस्ते ने सभी हैंड ग्रेनेड को कब्जे में ले लिया और उनकी जांच की। दस्ते के प्रभारी उदयवीर सिंह मलिक ने बताया, कि सभी ग्रेनेड मिस हैं, जो काफी पुराने हैं। इसके बाद ही पुलिस ने राहत की सांस ली। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से मीडियाकर्मियों को दूर रखा गया।
एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि नदी रिजर्व फॉरेस्ट से निकलती है, जिसमें आर्मी का फायरिंग अभ्यास होता है। हो सकता है इन मिस ग्रेनेड को जंगल से कोई ग्रामीण उठा लाया हो और इन्हें यहां फेंक दिया हो। सभी काफी पुराने हो चुके हैं। इन्हें जमीन में गाड़ दिया जाएगा।