माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से यूपी बोर्ड परीक्षा का तैयारियां शुरू कर दी गई है। परीक्षा के लिए इस बार 11 केंद्रों को निरस्त कर दिया गया है। परीक्षा जनपद के 101 केंद्रों पर होगी। परीक्षा में इस बार परीक्षार्थी भी पिछली बार की तुलना में 6834 छात्र-छात्राएं कम बैठेंगे। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 73590 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति की डीएम शफक्कत कमाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में परीक्षा केंद्रों को लेकर विचार विमर्श हुआ। बैठक में परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर लिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि परीक्षा में इस बार गत वर्ष की तुलना में 6834 विद्यार्थी कम बैठेंगे।
इसी के चलते परीक्षा केंद्रों की सूची में 11 परीक्षा केंद्र कम कर दिये गए हैं। प्रस्तावित और निरस्त परीक्षा केंद्रों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर चस्पा कर दी गई है।
डीआईओएस ने बताया कि यदि किसी को प्रस्तावित परीक्षा केंद्र के संबंध में कोई आपत्ति है तो वह युक्तियुक्त कारणों सहित अपना प्रत्यावेदन डाक अथवा ई मेल के माध्यम से पांच नवंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करा सकता है। निर्धारित तिथि और समय के उपरांत कोई प्रत्यावेदन नहीं लिया जाएगा।