बेहट/रामपुर मनिहारान/नकुड़। बेहट के संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद ने जनसमस्याएं सुनीं। उनके समक्ष कुल 108 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से एक शिकायत का उसी समय निस्तारण करा दिया गया। उधर, रामपुर मनिहारान और नकुड़ के समाधान दिवसों में संबंधित तहसीलदार ने शिकायतें सुनीं।
तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान में गांव रायेपुर कलां की सैय्यारा ने शिकायत की। बताया कि उसने एक मुश्त समाधान योजना के तहत अपना बकाया विद्युत बिल जमा कर दिया था। बिल जमा की रसीद देने के लिए विद्युत कर्मी उससे पैसे की मांग कर रहे हैं।
मिर्जापुर के सरजीत ने पड़ोसियों पर उसके घर का रास्ता बंद करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व एवं विद्युत विभाग से संबंधित रही।
मंडलायुक्त ने सभी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। एसडीएम मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह व मुकल सागर, सीओ अभितेष सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी विजेंद्र सिंह, बीडीओ अब्दुल वहाब सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रामपुर मनिहारान में तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। उनके समक्ष 25 समस्याएं आई, जिनमें से मौके पर तीन का निस्तारण हुआ।
इनमें सर्वाधिक 13 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं। नकुड़ में तहसीलदार जसमेन्द्र सिंह ने फरियादियों की जन शिकायतें सुनीं। उनके समक्ष 34 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से राजस्व विभाग की एक शिकायत का मौके पर निस्तारण हुआ। इस अवसर पर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र सक्सेना, ईओ सुनील कुमार सरोज सहित कई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
n फॉर्मर आईडी बनवाने में आ रही समस्याओं को एसडीएम ने सुना: रामपुर मनिहारान में एसडीएम युवराज सिंह ने देर रात रामपुर ब्लॉक के गांव के जन सेवा केंद्रों का एसडीएम ने निरीक्षण किया।
एसडीएम ने किसानों से कहा कि फार्मर आईडी बनवाने के बाद ही अगली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल सकेगा। सभी किसान अपनी फार्मर आईडी प्राथमिकता से बनवाएं। इस मौके पर तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, नायब तहसीलदार संजीव कुमार आदि उपस्थित रहे।