नागल (सहारनपुर)। क्षेत्र के गांव लाखनौर में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 73 पर कनेक्टिविटी सर्विस रोड बनाये जाने की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने धरना दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने निर्माण कार्य बंद करा दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सर्विस रोड नहीं बनाई जाती, वे निर्माण शुरू नहीं होने देंगे।
सुबह दस बजे काफी संख्या में इकट्ठा हुए ग्रामीण राजमार्ग पर पहुंचे। यहां वे टेंट लगा कुर्सियां डालकर धरने पर बैठ गए। इसके बाद उन्होंने निर्माण कार्य भी बंद करा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि उक्त राजमार्ग जिला मुख्यालय से मात्र छह किलोमीटर की दूरी पर है, जो टपरी नागल मार्ग को भी जोड़ता है। इसलिए लाखनौर में सर्विस लाइन बननी चाहिये। ताकि क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके। मौके पर मौजूद निर्माण कार्य कर रही कंपनी से जुडे़ अधिकारियों ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की वार्ता करने से इंकार कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने भी साफ कह दिया, जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती वे निर्माण कार्य शुरू नहीं होने देंगे। धरना देने वालों में मुख्य रूप से शौकी प्रधान, प्रीतम सिंह, वीरेंद्र सिंह, अजय, सोनी प्रधान, विनेश, विनोद, अमित, मोंटू, टीनू, विश्वास, मोनू, धर्मेंद्र, राजकुमार, अक्षय आदि मौजूद रहे।