सहारनपुर। महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद चिकित्सा विभाग हरकत में आ गया है। विभाग की टीम बुधवार को महिला के घर पहुंची, जहां बुखार से पीड़ित नवजात समेत नौ लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए मेरठ भेजे गए। पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है।
शहर के झोटा वाला मार्ग निवासी एक महिला कई दिन से दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती थी, जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। महिला को रेफर कर दिया गया था, जो वर्तमान में जौलीग्रांट देहरादून में भर्ती है। महिला के परिजनों के हंगामे के बाद चिकित्सा विभाग की टीम मंगलवार को महिला के घर पहुंची थी, जो परिजनों को जरूरी दवा लेकर लौट गई थी। बुधवार को चिकित्सा विभाग की टीम दोबारा पीड़ित परिवार के पास पहुंची, जहां एक नवजात को बुखार आ रहा है। टीम ने परिवार के नौ सदस्यों के नमूने लेकर जांच के लिए मेरठ भेजे। महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद से जहां चिकित्सा विभाग में हड़कंप मचा है, वहीं पीड़ित परिवार दहशत में है।
हमारी एक टीम बुधवार को भी पीड़ित महिला के घर पहुंची थी। परिजनों में से कुछ को बुखार आ रहा है, जबकि ज्यादातर सदस्य ठीक हैं। एहतियातन परिवार के नौ सदस्यों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए मेरठ भेजे हैं। परिवार से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। -- डॉक्टर शिवांका गौड़, नोडल अधिकारी।