सहारनपुर। जिला कारागार में आयोजित स्पो फिएस्टा स्पंदन प्रतियोगिता के चौथे दिन आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में बंदी कुमेश ने सबसे तेज दौड़कर बाजी मारी। जबकि हिना ने म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता जीती। प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा।
शुक्रवार को प्रतियोगिता के चौथे दिन के मुकाबलों का शुभारंभ जेल अधीक्षक डाक्टर वीरेश राज शर्मा ने दौड़ शुरू कराकर किया। पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान बंदी कुमेश ने प्राप्त किया और जेल का सबसे तेज धावक बन गया। दूसरा स्थान बंदी हरिओम ने प्राप्त किया। जबकि तीसरे स्थान पर बंदी माजे रहा। महिलाओं के म्यूजिकल चेयर का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। इस मुकाबले में संघर्ष के बाद बंदी हिना ने बाजी मारी। कबड्डी का फाइनल मुकाबला बैरक नंबर 1,2 एवं 3, 4 के बीच खेला गया। रात तक मुकाबला चला। रस्साकशी का फाइनल मुकाबला बैरक संख्या 8, 9 एवं 1,2 के बीच शनिवार को खेला जाएगा। प्रतियोगिता का संचालन कारापाल राजेश कुमार पांडेय एवं उपकारापाल केके दीक्षित ने किया। रेफरी का कार्य उपकारापाल सूबेदार यादव ने किया। प्रतियोगिता के स्कोरर का कार्य उपकारापाल हिमांशु रौतेला ने किया।