सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) का प्रांतीय अधिवेशन 21 से 23 दिसंबर तक आगरा में होगा। अधिवेशन के माध्यम से माध्यमिक शिक्षकों की समस्याओं पर मंथन होगा। साथ ही समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
शनिवार को जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह पुंडीर की अध्यक्षता में हुई जिला कार्यकारिणी की बैठक में प्रांतीय मंत्री रजनीश चौहान ने कहा कि प्रांतीय अधिवेशन में मुख्य रूप से वित्त विहीन शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा दिलाने, पुरानी पेंशन बहाली, अद्यतन तदर्थ शिक्षकों के स्थाईकरण आदि बिंदुओं पर चर्चा होगी। साथ ही समस्याओं के निराकरण के लिए आंदोलन की रणनीति भी तय की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। बैठक में रविंद्र सिरोही, सोमप्रकाश शर्मा, सुखदेव धीमान, सुरेंद्र कुमार, ओमपाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, डॉ. केके वर्मा, प्रवीण चौधरी, विकास शर्मा, संजय शर्मा, राजवीर सिंह यादव, शर्मिष्ठा देवी, गुरु देवी, चंद्रा सिंह, अनीता रानी, दीपा, राजेश पटेल आदि मौजूद रहे।