सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गई। बालकों के अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग में सेंट मैरी स्कूल विजेता रहा, जबकि बालिकाओं के अंडर-19 आयु वर्ग में आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल ने बाजी मारी। विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
शुक्रवार को बालकों के अंडर-14 आयु वर्ग में सेंट मैरी स्कूल और सरसावा क्लब के बीच फाइनल खेला गया, जिसमें सेंट मैरी स्कूल की टीम सरसावा क्लब को 25-5 के अंतर से हराकर चैंपियन बनी। अंडर-19 आयु वर्ग में सेंट मैरी स्कूल ने मिश्रा क्लब को 29-27 के अंतर से हराया और विजेता बनी। बालिकाओं के अंडर-19 आयु वर्ग में आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल सेंट मैरी स्कूल को हराकर विजेता बना। समापन पर विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर अब्दुल रहमान, शाहकार खान, फैयाज आलम, अब्दुल अहद, लाल धर्मेंद्र प्रताप, नजीबुर्रहमान, तरंग जैन, दीपक मिश्रा, रविकांत धीमान, फरीद आदि मौजूद रहे।