बुढ़ाना। यातायात जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील परिसर में यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
तहसील परिसर में आयोजित रैली में सरकारी विद्यालयों और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़कर हिस्सेदारी की। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह और उपजिलाधिकारी डा. नितिन गौर ने छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया। लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने वाली यह रैली तहसील परिसर से आरंभ होकर काधंला रोड, चौधरी चरण सिंह तिराहा, बड़ौत रोड, दयानंद चौक, डीएवी पब्लिक स्कूल रोड, चांदनी मंदिर रोड व पैठ बाजार से होती हुई सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में समाप्त हुई। कार्यक्रम का आयोजन डॉक्टर राजीव कुमार की ओर से किया गया। इस अवसर पर सीओ हरिराम यादव, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य प्रमोद वर्मा, राजीव, सचिन, शिवराज सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।