मिल न चलाने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
साढौली कदीम। भाकियू (अंबावत) के जिला प्रभारी पद्म प्रकाश शर्मा ने कहा कि पिछले चार साल से बंद पड़ी शुगर मिल यदि वर्तमान पेराई सत्र में चालू नहीं की गई तो मिल क्षेत्र से जुड़े 356 गांवों के किसान एवं मजदूर लोकसभा चुनाव का बहिष्कार भी कर सकते हैं। इसलिए इस चीनी मिल को जल्द चलाया जाए।
बृहस्पतिवार को क्षेत्र के गांव टोडरपुर में किसानों की बैठक में उन्होंने कहा कि गन्ना बाहुल्य क्षेत्र के किसान अपने खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को लेकर चिंतित हैं। मगर मिल प्रशासन को किसानों की कोई चिंता नहीं है। यदि इस पेराई सत्र में भी मिल को चालू नहीं किया गया तो क्षेत्र के मतदाता किसान लोकसभा चुनाव में बहिष्कार भी कर सकते हैं। इस अवसर पर सतीश शर्मा, सुशील, अरशद, ज्ञानचंद, मोतीराम, जनामिल, इश्त्याक, कबूल सैनी, आत्मा राम आदि मौजूद रहे।