सहारनपुर। सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स सोसायटीज एवं चिट्स ने आदर्श शिक्षा समिति चौरी मंडी के अधिकार सीज कर दिए हैं। बताया गया है कि बार-बार मांगे जाने पर भी समिति ने विभिन्न बिंदुओं पर वांछित सूचना और मूल अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए, जिसके बाद कार्रवाई की गई है।
आदर्श शिक्षा समिति चौरी मंडी सरसावा द्वारा किसान इंटर कॉलेज का संचालन किया जा रहा है। समिति सदस्य बंगाल सिंह, जगदीश प्रसाद और आजीवन सदस्य तेलूराम गुप्ता ने पिछले नौ वर्ष से प्रबंध समिति का चुनाव नहीं होने का मामला सहायक रजिस्ट्रार के समक्ष रखा था। उन्होंने समिति में भ्रष्टाचार होने की शिकायत भी की थी। शिकायत के बाद सहायक रजिस्ट्रार ने प्रबंध समिति पदाधिकारियों को पत्र लिखकर विभिन्न बिंदुओं पर वांछित सूचना और मूल अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा था। बकौल सहायक रजिस्ट्रार बार-बार सूचना और अभिलेख मांगने के बाद भी उपलब्ध नहीं कराए गए। ऐसे में सहायक रजिस्ट्रार ने वांछित सूचना और मूल अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने और सभी आरोपों से मुक्त नहीं होने तक समिति के कार्य करने पर रोक लगा दी है। रजिस्ट्रार ने अपने पत्र में कहा है कि यदि रोक के बावजूद प्रबंध समिति कोई कार्य करती है तो वह नियम विरुद्ध होगा।