सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में प्रमाण पत्र बनवाने गए दिव्यांगों के साथ चिकित्सक द्वारा अभद्रता करने का मामला सामने आया है। चिकित्सक पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए दिव्यांगों ने हंगामा भी किया। पीड़ितों और उनके परिजनों ने चिकित्सक के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग की है।
दिव्यांग इकरा, अश्वनी कुमार, दिनेश कुमार, राधा, माधव, फरहान और राजेश ने बताया कि वह सोमवार की सुबह दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। वे सुबह नौ बजे अस्पताल पहुंच गए थे। आरोप है कि आधार कार्ड, फोटो आदि सभी प्रमाण पत्र होने के बावजूद चिकित्सक पहले तो उन्हें इंतजार करने की बात कहता रहा। भूख और थकान की वजह से जब उन्होंने चिकित्सक से थोड़ा जल्दी करने की बात कही तो आरोप है कि चिकित्सक ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि चिकित्सक ने उन्हें धकियाकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद दिव्यांगों ने विरोध जताया। साथ ही आरोपी चिकित्सक के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की है। उधर, सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने घटना से अनभिज्ञता जताई है।