देवबंद (सहारनपुर)। नगर से इकट्ठा होने वाला कूड़ा अब आधुनिक तरीके से डंप किया जाएगा। झबीरन गांव में पालिका परिषद ने कूड़ा डंप हाउस बनाने के लिए करीब आठ बीघा भूमि खरीदने का सौदा करीब करीब तय हो चुका है। इस मामले में एसडीएम की मौजूदगी में जमीन स्वामी और चेयरमैन की अंतिम दौर की वार्ता हो चुकी है।
नगर का कूड़ा बाहरी क्षेत्र में डालने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। कूडे़ की गंध से राहगीर तो परेशान थे ही साथ ही इससे घरों में भी रहना मुश्किल हो रहा था, लेकिन अब शीघ्र ही लोगों को इससे निजात मिलने वाली है। नगर पालिका परिषद ने कूड़ा डंप हाउस बनाने के लिए क्षेत्र के झबीरन गांव में आठ बीघा भूमि खरीदने के लिए अंतिम दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है। शीघ्र ही कूड़ा डंपिंग यार्ड का कार्य आरंभ हो जाएगा। बताया जाता है कि एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन मालिक और पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी के बीच अंतिम दौर की वार्ता हो चुकी है। अंसारी का कहना है कि जल्द ही आधुनिक तकनीक से बनने वाले कूड़ाघर का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। बता दें कि पालिका के सफाई कर्मचारी नगर का कूड़ा इकट्ठा करने के बाद उसे कासिमपुरा, भायला रोड, राजकीय डिग्री कालेज, करंजाली रोड और बाबूपुर नगरी मार्ग आदि स्थानों पर डालते थे। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कूडा डंप हाऊस बनाने के लिए करीब पांच वर्ष पूर्व शासन स्तर से अनुमति मिली हुई थी, लेकिन जमीनों के दाम ऊंचे होने के चलते यह कार्य अभी तक अधर में ही लटका हुआ था।