देवबंद (सहारनपुर)। डिलीवरी के दो दिन बाद महिला की मौत हो जाने के मामले में परिजनों ने एक नर्सिंग होम में हंगामा कर दिया। जिन्हें बमुश्किल शांत कराया गया। महिला पिछले दो दिनों से मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती थी।
थीतकी गांव निवासी तसलीम की पत्नी नाजनीन की नगर के एक नर्सिंग होम में दो दिन पूर्व नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। उसने एक बेटी को जन्म दिया था। लेकिन अचानक उसकी तबीयत खराब हो जाने के कारण उसे मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि इससे गुस्साए उसके परिजन नर्सिंग होम पहुंचे और हंगामा करने लगे। इस दौरान जानकारी मिलने पर शहर के कुछ जिम्मेदार लोग भी वहां पहुंच गए। जिन्होंने गुस्साए लोगों को समझाकर शांत किया। काफी देर वार्ता होने के बाद उक्त लोग घरों को वापस लौटे। कहा जा रहा है कि नॉर्मल डिलीवरी होने के कुछ देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ी। जिसको तुरंत ही चिकित्सक मेरठ के लिए रेफर कर दिया था।