कोहरे की चादर ओढ़कर आई सोमवार की सुबह
सहारनपुर। सोमवार की सुबह घने कोहरे की चादर ओढ़कर आई। आलम यह रहा कि हाईवे पर विजिबिलीटी दस से 20 मीटर तक रही, जिसकी वजह से वाहन रेंग रेंगकर चलते नजर आए। कोहरे की वजह से भारी ठंड भी महसूस की गई। मासूम घने कोहरे के बीच ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे।
जनपद में पिछले दो दिन से कोहरा आ रहा है। रविवार की तुलना में सोमवार को अधिक कोहरा था, जो पानी की बोछारों की तरह बरसता नजर आया। दुपहिया वाहनों पर चलने वाले लोग कोहरे की वजह से पानी में तर हो गए। देहात क्षेत्र में कोहरा अधिक था। हाइवे पर विजिबिलीटी दस से 20 मीटर तक रही, जिसकी वजह से वाहन चालकों को दिन में भी हेड लाइट जलाकर चलना पड़ा। सोमवार को न्यूनतम तापमान छह और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
अनेक स्कूलों ने नहीं बदला समय
जिला प्रशासन के आदेश के बावजूद बड़ी संख्या में स्कूल आठ और नौ बजे ही खोले गए। गौरतलब है कि डीएम ने सभी बोर्ड के 12वीं तक के स्कूलों को सुबह दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक खोलने के आदेश जारी किए थे। मगर सोमवार को बड़ी संख्या में स्कूलों ने इसका पालन नहीं किया। आलम यह रहा कि नौनिहाल ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। डीआईओएस आरके तिवारी का कहना है कि यदि किसी स्कूल की शिकायत मिलती है तो जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।