सहारनपुर। जिला गन्ना अधिकारी डॉ.आरडी द्विवेदी ने बृहस्पतिवार की रात शेरमऊ चीनी मिल गेट पर स्थापित ट्रॉली कांटे की जांच करने से हड़कंप मच गया। उन्होंने मिल गेट के कंप्यूटराइज्ड कांटे द्वारा प्रदर्शित वजन की क्रॉस चेकिंग मैनुअल कांटे पर भी की, लेकिन वजन में कोई अंतर नहीं मिला।
छापेमारी के दौरान चीनी मिल गेट पर उपस्थित किसानों से डीसीओ ने पूछताछ भी की। गन्ना तुलवाने आए किसानों ने बताया कि इस वर्ष मिल गेट के कांटे एकदम सही हैं, लेकिन समिति पर्ची, गन्ना तौल और मूल्य भुगतान के एसएमएस नियमित रूप से नहीं भेजे जा रहे हैं। निरीक्षण के समय मौके पर उपस्थित चीनी मिल के यूनिट हेड अनिल कुमार शर्मा को निर्देश देते हुए डीसीओ ने चेतावनी दी कि नियमित रूप से किसानों को एसएमएस नहीं भेजे गए तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को भी डीसीओ ने हरियाणा राज्य की सीमा पर संचालित शेरमऊ चीनी मिल के क्रय केंद्र नसरुल्लागढ़ का औचक निरीक्षण किया। नसरुल्लागढ़ में अवैध गन्ना खरीदे जाने की शिकायत पर जांच में पाया गया कि कुछ किसानों का गन्ना सर्वे अर्ली में है, जबकि मौके पर सामान्य गन्ना मिला। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मणिकांत कुमार, डॉ.यशपाल सिंह, हरिराम, मनोज कुमार और चीनी मिल शेरमऊ के केन हेड सुनील बालियान आदि रहे। इसी प्रकार चीनी मिल सरसावा के कांटा साल्हापुर तौल बन्द होने के बावजूद किसानों द्वारा धर्मकांटे से तुलवाकर प्लाट पर गिराते हुए देखा गया। मौके पर उपस्थित किसानों को एडवांस गन्ना ना डालने की सलाह दी गई। चीनी मिल सरसावा के मिल गेट का कांटा भी निरीक्षण में सही पाया गया।