पीडब्लूडी करेगा मां शाकंभरी देवी
मंदिर परिसर और भवनों का मूल्यांकन
सहारनपुर। मां शाकंभरी देवी मंदिर और आसपास के क्षेत्रों का मूल्यांकन कराने के लिए पीडब्ल्यूडी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर उप जिलाधिकारी डीपी सिंह ने एसडीएम बेहट जुगराज सिंह को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है। इस मूल्यांकन की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
बता दें कि पिछले काफी दिनों से मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर को राजकीय संपत्ति घोषित करने की मांग हो रही है। इस पर प्रदेश सरकार ने जिलाधिकारी से इस मामले में रिपोर्ट मांगी। डीएम पीके पांडे ने अपर उपजिलाधिकारी डीपी सिंह को इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी। लेकिन नगरीय निकाय चुनाव में व्यस्तता के चलते जांच पूरी होने में विलंब हो गया। अपर उपजिलाधकिारी डीपी सिंह ने बताया कि मंदिर और परिसर के मूल्यांकन की रिपोर्ट एसडीएम बेहट से मांगी है। इस मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर शासन अपना निर्णय लेगा। उप जिलाधिकारी बेहट जुगराज सिंह ने बताया कि इसके मूल्यांकन के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा गया है। उम्मीद है कि नगरीय निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद जल्द ही मूल्यांकन रिपोर्ट आ जाएगी।