चिलकाना (सहारनपुर)। नगर पंचायत सुल्तानपुर चिलकाना का अध्यक्ष पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित हो जाने के बाद प्रत्याशी चयन के लिए राजनीतिक दलों में माथापच्ची शुरू हो गई है।
सुल्तानपुर चिलकाना नगर पंचायत में लंबे समय से दो गुटों में अध्यक्ष पद के लिए वर्चस्व की लड़ाई होती रही है। देखा जाए तो पिछले चार चुनावों में से पहले तीन चुनावों में पंडित गुट विजयी रहा था। जबकि अभी हाल ही में समाप्त हुए कार्यकाल में मीर साहब गुट ने विजय प्राप्त की थी। नगर पंचायत के प्रारंभिक काल से कस्बे की राजनीति पंडित तथा मीर साहब गुट के इर्द गिर्द घूमती रही है। अध्यक्ष पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित होने पर पंडित गुट ने पूर्व चेयरमैन अकबर कुरैशी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। मीर साहब गुट को अंतिम समय तक अध्यक्ष पद सामान्य जाति के लिए आरक्षित होने की उम्मीद थी, लेकिन अध्यक्ष पद पिछड़ी के लिए आरक्षित होने पर पिछड़ी जाति के प्रत्याशी की चयन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सर्वमान्य तथा भारी प्रत्याशी के लिए समर्थकों की राय ली जा रही है। मीर साहब गुट की ओर से पहले भी प्रत्याशी रहे हाजी इमरान अंसारी सहित सलीम अंसारी, असद अंसारी अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं।
उधर भाजपा प्रत्याशी के चुनाव में आने से मुकाबला त्रिकोणात्मक होने के साथ-साथ रोमांचक हो गया है। भाजपा प्रत्याशी के रूप में भाजपा के पुराने कार्यकर्ता डा. हुकुम सिंह सैनी मैदान में आ गए हैं। कस्बे में जोर आजमाइश करने वाले तीनों प्रत्याशी वार्डों में सदस्यों के चयन के लिए बैठकें कर रहे हैं। वार्डों में जातीय समीकरण को देखकर सदस्यों का चयन करने का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। कुल मिलाकर देखा जाए तो कस्बे में इस बार होने वाला चुनाव बहुत ही रोचक होगा, क्योंकि पुराने दोनों गुटों को जबरदस्त झटका देने के लिए भाजपा ने दमखम के साथ मैदान में ताल ठोंक दी है।