सरकारी शिक्षकों ने ट्यूशन पढ़ाया तो खैर नहीं
सहारनपुर। रोक के बावजूद राजकीय और एडेड माध्यमिक विद्यालयों के अनेक शिक्षक ट्यूशन पढ़ा रहे हैं। बार-बार मिल रही शिकायत के बाद डीआईओएस ने ऐसे शिक्षकों को तुरंत ट्यूशन बंद करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी के बावजूद ट्यूशन पढ़ाते हुए मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी शिक्षकों को दी गई है।
डीआईओएस आरके तिवारी ने बताया कि एक जुलाई 1992 को सरकारी शिक्षकों के ट्यूशन पढ़ाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। शिक्षा विभाग बार-बार चेतावनी जारी कर शिक्षकों को आगाह करता रहा है। जनपद में भी ऐसी चेतावनी दी गई हैं, मगर शिक्षकों पर चेतावनी का असर नहीं पड़ रहा है। लगातार अनेक शिक्षकों द्वारा ट्यूशन पढ़ाने की शिकायतें मिल रही हैं। यदि समय रहते शिक्षकों ने ट्यूशन पढ़ाना बंद न किया तो विभाग अभियान चलाकर शिक्षकों को रंगे हाथ पकड़ेगा। यदि कोई शिक्षक ट्यूशन पढ़ाता पाया जाता है तो उसके विरुद्घ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को शिक्षकों से शपथ पत्र लेने के निर्देश दिए हैं।