फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरसाती नदियों में बाढ़, एक श्रद्धालु बहा

विज्ञापन
विज्ञापन
बेहट (सहारनपुर)। शिवालिक पहाड़ियों एवं मैदानी क्षेत्र में 24 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण क्षेत्र की सभी बरसाती नदियां उफान पर है। इस कारण इन नदियों से घिरे दर्जनों गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क कटा हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे। शाकंभरी देवी में एक श्रद्धालु पानी के तेज बहाव में बह गया। वहीं, शाहपुर गाड्डा के पास बरसाती नदी में रपटे से गुजर रहा सेब से भरा ट्रक पानी के तेज बहाव में बह गया। चालक एवं परिचालक ने पानी में कूदकर जान बचाई। बादशाहीबाग नदी में एक स्कार्पियो फंस गई। उसमें सवार करीब आठ-दस लोग बाल-बाल बच गए।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की शाम 5 बजे से लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, वही क्षेत्र की बरसाती नदियां गांगराव, चपड़ी, सहंश्रा, शाकंभरी, गुलरिया, मसखरा, कोठडी, हिंडन आदि अपने पूरे उफान पर थी। इस कारण क्षेत्र के करीब 30 गांवों का 24 घंटे से अधिक समय तक तहसील मुख्यालय से संपर्क कटा रहा। नदियों से घिरे इन गांवों के बच्चे स्कूल नहीं जा सके। बेहट-शाकंभरी देवी, मिर्जापुर-सुंदरपुर एवं बेहट-बिहारीगढ़ रूट भी बृहस्पतिवार की रात से ही बंद है। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में पानी के तेज बहाव में एक श्रद्धालु बह गया। उसका कुछ पता नहीं चल सका। छिन्न मस्ता मंदिर से सचिन नाम के एक युवक ने बताया कि उसने श्रद्धालु को बहते हुए देखा है। वह कौन था और कहां का रहने वाला था, इसके बारे में किसी को कुछ नहीं पता।
उधर, थाना मिर्जापुर के गांव शाहपुर गाडा के निकट नदी में बृहस्पतिवार की रात आई बाढ़ में हिमाचल से सेब भरकर सहारनपुर जा रहा ट्रक रपटे पर तेज बहाव पानी में बहकर पलट गया। ट्रक मालिक अबल सिंह एवं चालक अरविंद कुमार ने पानी में कूदकर जान बचाई। उन्हें किनारे पर खड़े लोगों ने बाहर निकाला। बादशाहीबाग बाग नदी के तेज बहाव में हरियाणा के लोगों की स्कार्पियो कार फंस गई। उसमें सवार लोगों को पानी बढ़ने से पहले ही उतार लिया गया था। उन्होंने पानी कम होने पर गाड़ी को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
विज्ञापन


बारिश में बहे खंभे, विद्युत आपूर्ति ठप
बेहट। बृहस्पतिवार की रात से लगातार हो रही बारिश से दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। नौगांवा ग्राम समूह की विद्युत आपूर्ति पिछले 24 घंटों से ठप है। गांव नौगांवा के मजरे समसपुर, चक अबाबाकरपुर, दौड़बसी, रजापुर, अलीपुरा, दुल्लागढ़, हसनपुर, कांशीपुर आदि की विद्युत आपूर्ति नदियों में बाढ़ के कारण ठप है। वहीं, दूसरी ओर क्षेत्र के गांव हबीबपुर तपोवन की विद्युत लाइन के चार खंभे, मगनपुरा सरकारी ट्यूबवेल के चार खंभे, नौगांवा विद्युत लाइन के छह खंभे एवं सलेमपुर गदा की 33 केवीए की विद्युत लाइन के गांव कादरपुर की नदी में 4 विद्युत खंभे बह गए हैं, जिससे सलेमपुर गदा से जुड़े 25 गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें