सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित आश्रय स्थल पर रह रहे 10 विदेशी जमातियों को वतन वापसी के लिए यहां से रवाना किया गया। इनमें दो जमाती मलयेशिया, तीन इंडोनेशिया और पांच सूडान के नागरिक हैं। इनके साथ ही शेष रह गए जमातियों को भी उनके मुल्क भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। केंद्र सरकार से अनुमति के साथ ही विदेश मंत्रालय और दूूतावास से हरी झंडी के बाद ही विदेशी जमातियों को पुलिस निगरानी में यहां से भिजवाया जा रहा है।
कोरोना काल में लॉकडाउन के समय से ही यहां फंसे और यहां दर्ज कराए गए मुकदमों में सजा पाने के बाद रिहा होने पर विदेशी जमाती आश्रय स्थल पर रह रहे हैं। यहां पहले 54 और उसके बाद तीन अन्य विदेशी जमाती आए थे। इस तरह कुल 57 विदेशी जमाती यहां आश्रय ले रहे थे। जुलाई माह से इनकी वतन वापसी का सिलसिला शुरू हुआ है। इन जमातियों की पैरवी करने वाले और इनकी व्यवस्थाओं में शामिल वरिष्ठ अधिवक्ता चौधरी जानिसार अहमद ने बताया कि शुक्रवार को इन दस जमातियों की रवानगी कराई गई। इससे पहले 17 जमाती इंडोनेशिया, चार थाइलैंड, दो फ्रांस और मोरक्को के नागरिकों को उनके मुल्क वापस भिजवाया गया। इनसे संपर्क करने पर पता चला कि दिल्ली में एयरपोर्ट पर कोविड गाइड लाइंस में चेकिंग के अलावा स्वदेश लौटने पर भी उन्हें क्वारंटीन में रखा गया है ताकि कोई खतरा न हो।