संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। भाई-बहन के प्यार का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन में तीन दिन शेष हैं। ऐसे में जिन बहनों के भाई उनसे दूर हैं। वह स्पीड पोस्ट और रजिस्ट्री के जरिये भाई तक अपना प्यार पहुंचा रही हैं। इसके लिए डाक विभाग ने भी खास तैयारी की है। राखी मेल वाले पार्सल को पर्व से पहले पहुंचाने का लक्ष्य है। साथ ही शुल्क में दस फीसदी की छूट भी की गई है।
रक्षाबंधन पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा। ऐसे में डाक विभाग द्वारा भी विशेष तैयारी की गई है। प्रधान डाकघर में पहले से ही 24 घंटे और सातों दिन स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग की सेवा चालू है। रविवार को भी प्रधान डाकघर में पार्सल बुकिंग काउंटर खुला रहा। डाक विभाग द्वारा भी रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को खास सुविधा दी गई है। राखी मेल वाले पार्सल पर विभाग की ओर से दस फीसदी की छूट दी जा रही है। इसे इस तरह से समझ सकते हैं कि यदि आपका पार्सल का वजन 50 ग्राम से कम है तो उसे देशभर में कहीं भी स्पीड पोस्ट करने पर 55 रुपये शुल्क लगता है। ऐसे में यदि बहन अपने भाई को राखी भेज रही है तो उन्हें पार्सल पर राखी मेल लिखना होगा। ऐसे में शुल्क का भुगतान करते हुए उन्हें दस फीसदी के हिसाब से पांच रुपये की छूट दी जाएगी। यह रक्षाबंधन पर्व तक और केवल राखी पार्सल पर ही लागू है। इसके अलावा पोस्टल विभाग द्वारा इस बार भी विशेष राखी लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी कीमत दस रुपये हैं।
प्रधान डाक घर के पोस्टमास्टर अरविंद कुमार ने बताया कि विभाग ने राखी पर विशेष तैयारी की है। राखी मेल पर छूट भी दी जा रही है। वहीं विशेष रूप से पहले राखी पार्सल को डिलीवर किया जा रहा है।