देवबंद। बदमाशों ने घेर में सो रहे किसान को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर दो भैंस तथा दो बछड़े लूट ले गए। हाशिमपुरा गांव निवासी मीर हसन ने कोतवाली में तहरीर दी है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात वह अपने घेर में सो रहे थे। तभी करीब 2 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति दीवार फांदकर घेर के अंदर दाखिल हो गया। उसने बाहर खडे़ अपने तीन साथियों को भी अंदर बुला लिया। आरोप है कि उक्त चारों नकाबपोशों ने उन्हें तमंचे के बल पर बंधक बनाकर उनका हाथ पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाश घेर में बंधे पशु खोलकर लेकर चले गए। जाते वक्त बदमाश धमकी दे गए कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। बदमाशों के जाने के काफी देर बाद डरे सहमे किसान मीर हसन परिजनों और फिर पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
---------------------------------
सामूहिक दुष्कर्म में तीन भाइयों पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने अदालत के आदेश पर तीन सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने न्यायालय में वाद दायर कर बताया कि उसका पति काम पर गया हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर गांव के करीब स्थित रठान पर ले गया। आरोप है कि रठान पर आरोपी व्यक्ति के दो भाई और मौजूद थे। उन्होंने हथियार के बल पर उसे डरा धमकाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह तहरीर लेकर पुलिस के पास गई तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते उसे अदालत की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।