रेलवे सुरक्षा बल कैंट की तत्परता से एनआरआई इंजीनियर दंपति का डॉलर से भरा बैग शुक्रवार को मिल गया। नई दिल्ली से बारह नवंबर को देव दीपावली देखने काशी आ रहे एनआरआई दंपति संतोष तिवारी पत्नी संध्या तिवारी कानपुर रेलवे स्टेशन पर फोटो शूट कराने लगे। इसी दौरान वंदेभारत ट्रेन छूट गई।
बाद में दंपति दूसरी ट्रेन से पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पहुंचा। स्टेशन पर रेल अधिकारियों से संपर्क साधा तो उन्हें कैंट रेलवे स्टेशन भेज दिया गया। कैंट स्टेशन प्रबंधक से एनआरआई दंपति ने गुहार लगाई। कैंट आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी अनूप सिन्हा ने नई दिल्ली आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी भूपेंद्र सिंह को घटना से अवगत कराते हुए मदद मांगी।
नई दिल्ली में वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों की लिस्ट और तफ्तीश के बाद दंपति का बैग बरामद हो गया। बैग को सील करते हुए श्रमजीवी एक्सप्रेस से बनारस भेज दिया गया। बृहस्पतिवार की सुबह आरपीएफ के जवानों ने दंपति को डॉलर से भरा बैग लौटा दिया। बैग पाकर दंपति की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, आरपीएफ को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने बैग पाने की उम्मीद छोड़ दी थी।