समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर तीखे तंज कसे।
उन्होंने कहा, ‘सोनिया गांधी के दामाद की जांच होनी भी नहीं चाहिए। ये उनका प्रिविलेज (विशेषाधिकार) है। वाड्रा को लूट का पूरा हक है।’
आजम खां ने व्यंग्य लहजे में कहा, 'भारतीय संस्कृति में दामाद का रिश्ता सबसे बड़ा होता है। दामाद नेहरू-गांधी जैसे ताकतवर परिवार का हो को क्या कहना। रॉबर्ट वाड्रा सोनिया गांधी के दामाद हैं। देश के दामाद से हिसाब लेने का किसी को हक नहीं है। वाड्रा को लूटने का पूरा-पूरा हक है।'
पढ़ें, 'जहां-जहां कांग्रेस की सरकार, वहीं किया वाड्रा ने घपला'
आजम ने कहा, 'कांग्रेस राज में घोटाले होते हैं तो सोनिया चुप रहती है। बसपा राज में अफसर निलंबित होते हैं तो नहीं बोलतीं। हमने एक एसडीएम को निलंबित कर दिया तो उन्होंने प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिख दी। ऐसा नहीं होना चाहिए।'
वाड्रा मुद्दे को ऐसे नहीं छोड़ेगी भाजपा
भाजपा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा की जमीन सौदों के मामले में यूपीए सरकार के खिलाफ अभियान तेज करेगी। इस मुद्दे पर संसद में हंगामे के बाद पार्टी ने कहा कि वह इसको आखिरी अंजाम तक पहुंचाएगी।
पढ़ें, जमीन के गोरखधंधे में नेताओं का काला धनः खेमका रिपोर्ट
भाजपा भ्रष्टाचार व घोटालों की श्रृंखला में यूपीए सरकार के खिलाफ इसे अहम मुद्दा मान रही है। पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को ऐसे ही नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने कांग्रेस की इस दलील को खारिज कर दिया कि वाड्रा मामला राज्य से संबंधित है और इस कारण इसे संसद में नहीं उठाया जा सकता है। भाजपा नेता ने कहा कि यह पूरी तरह से भ्रष्टाचार का मामला है।
ये लगे नारे
सदन में भाजपा सांसदों ने ‘सोनिया का हाथ दामाद के साथ’ और ‘कांग्रेस का हाथ दामाद के साथ’ के नारे जोर शोर से लगाए।
वाड्रा एक निजी व्यक्ति हैं। वह संसद के सदस्य नहीं हैं। हम संसद में निजी व्यक्तियों पर चर्चा नहीं करते हैं। यदि सिन्हा चाहते हैं कि वह इस मामले पर कोर्ट में जा सकते हैं तो इससे उन्हें कोई नहीं रोक रहा।--संदीप दीक्षित, कांग्रेस