मुरैना में मंगलवार सुबह कार और बस की टक्कर में चार बच्चों व तीन महिलाओं सहित नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में मरने वालों में टूंडला निवासी पंकज परमार की पत्नी कीर्ति और उसकी बेटी विधि भी शामिल है।
अन्य में दो हाथरस और पांच मुरैना के रहने वाले थे। ये सभी आपस में रिश्तेदार थे और पोरसा के मनसूरपुरा गांव में एक फलदान समारोह में शिरकत कर लौट रहे थे।
हादसा मंगलवार सुबह नौ बजे मुरैना जिले में अम्बाह रोड पर ग्राम बरेह के पास हुआ। अम्बाह से मुरैना की तरफ जा रही कार सामने सा आ रही बस से भिड़ गई।
भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बस अनियंत्रित होकर कार के ऊपर ही पलट गई। बस में सवार दो दर्जन यात्री भी इस हादसे में घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कार में सवार विनोद सिकरवार निवासी कैलारस के परिवार के तीन सदस्यों बेटे रुद्रप्रताप उर्फ करु (3), बेटी सोनाली (9) पत्नी रीना (30) की मौत हुई हैं।
इस हादसे में मारे गए अन्य लोगों में टूंडला निवासी पंकज परमार की पत्नी कीर्ति (30) और बेटी विधि (4) साल, मनसूरपुरा निवासी सुनील राजावत की पत्नी नीतू (28), गोपालपुरा मुरैना निवासी मिंटू सिकरवार की पुत्री कांछी (7), गांव बिसाना सादाबाद हाथरस निवासी रजत (26) पुत्र देव सिंह सिसौदिया और इसी गांव का गोलू उर्फ दीपक राणा (22) शामिल हैं।
कुछ घायलों का इलाज मुरैना में चल रहा है। तीन की गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया हैं।