सेना की ओर से एक बार फिर कानपुर में दस दिवसीय भर्ती रैली का आयोजन पांच फरवरी से किया जा रहा है। सेना के पीआरओ ग्रुप कैप्टन बीबी पांडे के मुताबिक सेना भर्ती रैली के दौरान जनरल ड्यूटी, क्लर्क, स्टोर कीपर टेक्निकल, धर्म गुरू, ट्रेड्समैन जैसे पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
भर्ती के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग जिलों की भर्ती आयोजित की जाएगी। पांच फरवरी को उन्नाव के युवाओं के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी।
जबकि छह फरवरी को आरटी जेसीओ (धर्मगुरु) पद के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी जिसमें यूपी और उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
पढ़ें, दिल्ली सरकार में बंपर भर्ती, करें आवेदन
सात फरवरी को कानपुर देहात, आठ फरवरी को लखनऊ, नौ फरवरी को महोबा और चित्रकूट, दस फरवरी को बांदा, 11 फरवरी को कानपुर नगर, 12 फरवरी को फतेहपुर, 13 फरवरी को औरैया, गोंडा, बाराबंकी, कन्नौज और हमीरपुर के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी।
दस फरवरी को ही टेक्निकल ट्रेड्समैन के लिए भी भर्ती आयोजित की जाएगी जिसमें औरैया, गोंडा, बाराबंकी, कन्नौज और हमीरपुर के अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे। जहां तक अभ्यर्थियों की उम्र का सवाल है तो जनरल ड्यूटी भर्ती में साढ़े सत्रह से 21 साल के युवा भाग ले सकेंगे।
जबकि स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन पद के लिए साढ़े सत्रह से 23 साल के अभ्यर्थी परीक्षा दे सकेंगे। आरटी जेसीओ पद के लिए उम्र सीमा 27 से 34 रखी गई है। 14 फरवरी को अभिरुचि परीक्षा और 15 फरवरी को शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी।
पढ़ें, निकली बम्पर भर्ती, 19 फरवरी तक करें आवेदन
आरटी जेसीओ पद के अभ्यर्थियों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 23 फरवरी को आयोजित की जाएगी। पीआरओ पांडे के मुताबिक सैनिक जनरल ड्यूटी के लिए पांच फरवरी 93 से पांच फरवरी 96 के बीच जन्म लेने वाले युवा भाग ले सकेंगे। जबकि स्टोर कीपर टेक्निकल और ट्रेड्समैन पद के लिए पांच फरवरी 91 से पांच फरवरी 96 के बीच जन्म लेने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
इसके अलावा सेना के सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों को डीएससी में भर्ती 13 फरवरी को आयोजित की जाएगी। जिसमें 48 साल से कम आयु के भूतपूर्व सैनिक हिस्सा ले सकेंगे। पिछली भर्ती के दौरान होने वाली अव्यवस्था को देखते हुए इस बार विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग जिलों के लिए भर्ती आयोजित की जा रही है।