किले में स्वर्ण भंडार मिलेगा या नहीं यह भविष्य के गर्भ में है, लेकिन डौंडिया खेड़ा गांव के लोगों ने रुपए पीटना शुरू कर दिया है।
तीन दिन पहले तक गांव में 20-25 रुपये लीटर भी दूध महंगा माना जाता था, अब वहीं अब दूध 45 रुपये लीटर बिकने लगा है।
किला देखने आए लोगों की संख्या को देखते यहां हर सामान का रेट डेढ़ से दो गुना कर दिया गया है। जो चाय चार रुपये में आसानी से मिल जाती थी उसे अब छह रुपये में बेचा जा रहा है।
चार रुपये का ब्रेड पकौड़ा छह रुपये और 10 रुपये का पूड़ी-छोला यहां 25 रुपये में बिक रहा है। समोसा भी छह रुपये कर दिया गया है।
पान मसाला और अन्य की कीमतों की भी यही स्थिति है। एक ग्रामीण ने बताया कि सब बहती गंगा में हाथ धोना चाह रहे हैं।
गांव में दूध की कमी पड़ने लगी है। दुकानों में चाय की खपत बढ़ने से जो दूध लोग दूसरे घरों को बेचते थे वह ज्यादा दाम पर दुकानदारों को बेचना शुरू कर दिया है।