स्वार का मामला, मुजफ्फर नगर निवासी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वार (रामपुर)। सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक यूट्यूबर ने कोतवाली स्वार में मुजफ्फरनगर के रहीम खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला अगलगा निवासी युवक अरबाज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह यूट्यूबर है और सोशल मीडिया पर सक्रिय है। उसका आरोप है कि मुजफ्फरनगर निवासी रहीम खान नामक व्यक्ति बीते काफी समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।
उसका कहना है कि कई बार मना करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार ऑनलाइन उत्पीड़न करता रहा, जिससे उसे मानसिक आघात पहुंचा है। साथ ही परिवार की सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक को सौंप दी है। सीओ अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।