शाहबाद/धमोरा/स्वार/रामपुर। जिले में मंगलवार से 18 साल से 44 आयु वालों को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाया गया। जिसमें युवाओं में खासा जोश दिखाई दिया। कई युवाओं ने तो 10 से 12 किलोमीटर दूर तक जाकर टीका लगवाया। वहीं टांडा सीएचसी पर 18 साल से अधिक आयु वालों को टीका न लगने पर युवाओं में निराशा देखी गई।
जिले में 18 से 44 साल आयु वाले एक हजार लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इसकी शुरुआत मंगलवार एक जून से हो गई। इससे पहले रविवार को टीकाकरण के लिए पंजीकरण व स्लॉट बुकिंग की गई थी, जिसमें पांच जून तक का स्लॉट बुक हो गया था।
टीकाकरण पर क्या बोले युवा
मैं सैफनी से शाहबाद स्वास्थ्य केंद्र पर टीका लगवाने आया हूं। कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरतने के साथ ही टीकाकरण बेहद जरूरी है। टीकाकरण कराकर काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। मेेरी सभी लोगों से अपील है कि टीका जरूर लगवाएं।
- नितिन कुमार, सैफनी
रामपुर में 18 साल से अधिक आयु वालों के टीकाकरण के लिए लंबे समय से इंतजार कर रही थी। जैसे ही सरकार ने रामपुर में टीकाकरण शुरू कराया मैंने अपना रजिस्ट्रेशन कराकर स्लॉट बुक करा लिया। आज टीका लगवा लिया है और काफी अच्छा लग रहा है।
- दीपिका
टीकाकरण कराने के लिए मैं करीब 12 किलोमीटर दूर चमरौआ स्वास्थ्य केंद्र पर आया, क्योंकि मुझे पता है कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण कितना जरूरी है। टीकाकरण के लिए मैंने रविवार को ही स्लॉट बुक कर लिया था।
- सौरभ कुमार, शंकरपुर
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। मैं रामपुर में टीकाकरण शुरू होने का इंतजार कर रहा था। अब अपने ही जिले में टीकाकरण शुरू हुआ तो मैंने पहले ही दिन टीका लगवा लिया।
- अंश मिश्रा, शिवापुरम कालोनी
कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के लिए कोरोना वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू करा दिया गया है, जो सराहनीय है। युवा वर्ग को बिना किसी डर के वैक्सीन लगवानी चाहिए।
- उमेश वर्मा, स्वार
मैं तो कई दिनों से रामपुर में 18 साल से अधिक आयु वालों के टीकाकरण का इंतजार कर रही थी। कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए टीका जरुरी है। इसलिए मैंने पहले ही दिन आकर टीका लगवा लिया।
- अनीशा गुप्ता, स्वार
टांडा में 18 साल से अधिक वालों को टीका न लगने से निराशा
टांडा। तहसील मुख्यालय होने के बावजूद टांडा सीएचसी पर 18 साल से अधिक आयु वालों को टीकाकरण की सुविधा नहीं मिल सकी। जिस कारण क्षेत्र के युवाओं में निराशा थी।
सीएचसी पर 18 साल से अधिक आयु वालों का टीकाकरण केंद्र नहीं बनाया गया। जिससे अब मजबूरी में स्वार जाना पड़ेगा। जबकि तहसील क्षेत्र के कई गांवों के युवाओं को इससे भी अधिक दूरी तय करनी पड़ सकती है, जिससे परेेशानी होगी।
- शादाब आलम
कोरोना संक्रमण की घातकता को देखते हुए तहसील मुख्यालय की सीएचसी पर भी 18 साल से अधिक आयु वालों का टीकाकरण होना चाहिए था। ऐसा न होने से निराशा है।
- फैजान सिकंदर
जिलाधिकारी को पत्र भेजकर टांडा तहसील में 18 से 44 आयु वर्ग वाले लोगों के लिए टीकाकरण केंद्र खोलने की मांग की गई है। जिससे जल्द से जल्द नगर और क्षेत्र के युवा टीकाकरण करवा सकें।
- मेहनाज जहां, पालिकाध्यक्ष-टांडा