बिलासपुर। कोतवाली की उत्तराखंड सीमा स्थित रूद्र बिलास चौकी क्षेत्र के एक गांव में मुखबिरी के शक में कुछ लोगों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घायल पक्ष ने हमलावरों पर गांव में नशे का कारोबार करने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार दोपहर पीड़ित की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सोमवार रात करीब 9:30 बजे उनका पुत्र मोहल्ले की एक दुकान पर सामान लेने गया था। आरोप है कि दुकान संचालक ने मुखबिरी करने का शक जताते हुए अपने चार अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। महिला का आरोप है कि वह रात में ही घायल बेटे को लेकर चौकी पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर लौटा दिया।
पुलिस से तत्काल मदद न मिलने पर परिजन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसका उपचार एक निजी अस्पताल में करा रहे हैं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावर गांव में नशे का कारोबार करते हैं। इसी कारण उन्होंने युवक को मुखबिरी के शक में पीटा है। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।